बाइबल ऐप लोगो
खोज चिह्न

रोमियों 5:2-11

रोमियों 5:2-11 HINCLBSI

मसीह ने हमारे लिए उस अनुग्रह तक पहुँचने का द्वार भी खोला है, जो हमें विश्‍वास से प्राप्‍त होता है और जिसमें हम स्‍थित हैं। हम इस बात पर गौरव करते हैं कि हमें परमेश्‍वर की महिमा के भागी बनने की आशा है।इतना ही नहीं, हम दु:ख-तकलीफ पर भी गौरव करें, क्‍योंकि हम जानते हैं कि दु:ख-तकलीफ से धैर्य,धैर्य से सच्‍चरित्रता और सच्‍चरित्रता से आशा उत्‍पन्न होती है। आशा व्‍यर्थ नहीं होती, क्‍योंकि परमेश्‍वर ने हमें पवित्र आत्‍मा प्रदान किया है और उसके द्वारा परमेश्‍वर का प्रेम ही हमारे हृदय में उंडेला गया है। जब हम निस्‍सहाय थे, तभी निर्धारित समय पर मसीह हम अधर्मियों के लिए मरे। धार्मिक मनुष्‍य के लिए शायद ही कोई अपने प्राण अर्पित करे। फिर भी हो सकता है कि भले मनुष्‍य के लिए कोई मरने को तैयार हो जाये, किन्‍तु हम पापी ही थे, जब मसीह हमारे लिए मरे। इससे परमेश्‍वर ने हमारे प्रति अपने प्रेम का प्रमाण दिया है।यदि हम मसीह के रक्‍त के कारण धार्मिक ठहराए गये, तो हम निश्‍चय ही मसीह द्वारा परमेश्‍वर के प्रकोप से बच जायेंगे।हम शत्रु ही थे, जब परमेश्‍वर के साथ हमारा मेल उसके पुत्र की मृत्‍यु द्वारा हो गया था; और परमेश्‍वर के साथ मेल हो जाने के बाद उसके पुत्र के जीवन द्वारा निश्‍चय ही हमारा उद्धार होगा।इतना ही नहीं, अब तो हमारे प्रभु येशु मसीह द्वारा परमेश्‍वर से हमारा मेल हो गया है; इसलिए हम उन्‍हीं के द्वारा परमेश्‍वर पर भरोसा रख कर गौरव करते हैं।