उद्बोधक 9
9
सभी मनुष्य मृत्यु के अधीन
1मैंने सभी कामों में अपना मन लगाया और यह अर्थ निकाला कि धर्मी, बुद्धिमान और उनके सारे काम परमेश्वर के हाथों में हैं. मनुष्य को यह मालूम नहीं होता कि उनके सामने क्या होगा; प्रेम या नफ़रत. 2यह सभी के लिए बराबर है. धर्मी और दुष्ट, भले और बुरे, शुद्ध और अशुद्ध, जो बलि चढ़ाते हैं और जो बलि नहीं चढ़ाते, सभी का अंत एक समान है.
जिस तरह एक भले व्यक्ति हैं,
उसी तरह एक पापी भी हैं;
और जिस तरह एक शपथ खानेवाले हैं,
उसी तरह वह व्यक्ति हैं जिनके सामने शपथ खाना भय की बात है.
3सूरज के नीचे किए जा रहे हर एक काम में मैंने यही बुराई देखी कि सभी मनुष्यों का एक ही अंत है. मनुष्यों के हृदय बुराई से भरे हैं और उनके पूरे जीवन में पागलपन उनके हृदयों में भरा रहता है. इसके बाद उनकी मृत्यु हो जाती है. 4जो जीवित हैं उनके लिए आशा है क्योंकि निश्चय ही मरे हुए शेर से जीवित कुत्ता ज्यादा अच्छा है.
5जीवितों को यह मालूम होता है कि उनकी मृत्यु ज़रूर होगी,
परंतु मरे हुओं को कुछ भी मालूम नहीं होता;
उन्हें तो कोई ईनाम भी नहीं मिलता,
और जल्द ही उन्हें भुला दिया जाता है.
6इस तरह उनका प्रेम, घृणा और उत्साह खत्म हो गया,
और सूरज के नीचे किए गए किसी भी काम में उनका कोई भाग न होगा.
7इसलिये जाइए और आनंद से भोजन करिये और मन में सुख मानकर अंगूर का रस पिया करिये क्योंकि पहले ही परमेश्वर आपके कामों से खुश हैं. 8आपके कपड़े हमेशा उजले रहें और आपके सिर को तेल से हमेशा अभिषेक करते रहो. 9सूरज के नीचे परमेश्वर द्वारा दिए गए बेकार के जीवन में अपनी प्यारी पत्नी के साथ खुश रहिए, क्योंकि आपके जीवन का और सूरज के नीचे की गई मेहनत का ईनाम यही है. 10अपने सामने आए हर एक काम को पूरी लगन से करिये क्योंकि अधोलोक में जिसकी ओर आप बढ़ रहे हैं, वहां न तो कोई काम या तरकीब, न ज्ञान और न ही बुद्धि है.
11मैंने दोबारा सूरज के नीचे देखा:
कि न तो दौड़ में तेज दौड़ने वाले
और न युद्ध में बलवान ही जीतते हैं,
न बुद्धिमान को भोजन मिलता है
और न ही ज्ञानवान को धन-दौलत
और न ही योग्य को अनुग्रह;
क्योंकि ये समय और संयोग के वश में हैं.
12मनुष्य अपने समय के बारे में नहीं जानते:
जैसे बुरे जाल में फंसी एक मछली के,
और फंदे में फंसे पक्षियों के समान,
वैसे ही मनुष्य बुरे समय में जा फंसेंगे
जब यह अचानक ही उन पर आ पड़ेगा.
मूर्खता से बेहतर है बुद्धि
13मैंने सूरज के नीचे बुद्धि का एक और उदाहरण देखा, जिसने मुझे बहुत प्रभावित किया. 14बहुत ही थोड़े लोगों का एक छोटा नगर था इसमें एक बहुत ही सम्मानित राजा आए और उन्होंने इस नगर के विरुद्ध घेराव किया. 15परंतु उस नगर के एक साधारण लेकिन बुद्धिमान ने अपनी बुद्धि द्वारा इस नगर को छुड़वा दिया. फिर भी उन सीधे-सादे को किसी ने याद नहीं किया. 16इसलिये मैंने यह कहा, “बुद्धि शक्ति से बढ़कर है.” लेकिन किसी सीधे-सादे की बुद्धि को तुच्छ ही जाना जाता है और उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता.
17मूर्खों के बीच राजा की चिल्लाहट से
अकेले में बुद्धिमान की बातें सुन लेना कहीं ज्यादा अच्छा है.
18युद्ध के शस्त्रों की तुलना में बुद्धि ज्यादा अच्छी है,
परंतु पापी व्यक्ति हर एक अच्छी चीज़ का नाश कर देते हैं.
Currently Selected:
उद्बोधक 9: HCV
Highlight
Copy
Compare
Share
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.