सूक्ति संग्रह 2
2
बुद्धि का मूल्य
1हे मेरे पुत्र, यदि आप मेरे वचन स्वीकार करें
और मेरी आज्ञाओं को अपने हृदय में संचित कर रखें,
2यदि अपने कानों को ज्ञान के प्रति चैतन्य
तथा अपने हृदय को समझदारी की ओर लगाए रखें;
3वस्तुतः यदि आप समझ को आह्वान करें
और समझ को उच्च स्वर में पुकारें,
4यदि आप इसकी खोज उसी रीति से करें
जैसे चांदी के लिए की जाती है और इसे एक गुप्त निधि मानते हुए खोजते रहें,
5तब आपको ज्ञात हो जाएगा कि यहोवाह के प्रति श्रद्धा क्या होती है,
तब आपको परमेश्वर का ज्ञान प्राप्त हो जाएगा.
6क्योंकि ज्ञान देने वाले तो यहोवाह ही हैं;
उन्हीं के मुख से ज्ञान और समझ की बातें बोली जाती हैं.
7खरे के लिए वह यथार्थ ज्ञान आरक्षित रखते हैं,
उनके लिए वह ढाल प्रमाणित होते हैं,
जिनके चालचलन निर्दोष हैं,
8वह बिना पक्षपात न्याय प्रणाली की सुरक्षा बनाए रखते हैं
तथा उनकी दृष्टि उनके संतों के चालचलन पर लगी रहती है.
9हे मेरे पुत्र, तब आपको नीतिमान, निष्पक्ष न्याय,
हर एक सन्मार्ग और औचित्य की पहचान हो जाएगी.
10क्योंकि तब ज्ञान आपके हृदय में आ बसेगा,
ज्ञान आपकी आत्मा में आनंद का संचार करेगा.
11निर्णय-ज्ञान आपकी चौकसी करेगा,
समझदारी में आपकी सुरक्षा होगी.
12ये आपको बुराई के मार्ग से और ऐसे व्यक्तियों से बचा लेंगे,
जिनकी बातें कुटिल हैं,
13जो अंधकारपूर्ण जीवनशैली को अपनाने के लिए
खराई के चालचलन को छोड़ देते हैं,
14जिन्हें कुकृत्यों
तथा बुराई की भ्रष्टता में आनंद आता है,
15जिनके व्यवहार ही कुटिल हैं
जो बिगड़े मार्ग पर चालचलन करते हैं.
16तब ज्ञान आपको अनाचरणीय स्त्री से, उन अन्य पुरुषगामिनी से,
जिनकी बातें मीठी हैं, सुरक्षित रखेगा,
17जिन्होंने अपने युवावस्था के साथी का परित्याग कर दिया है
जो परमेश्वर के समक्ष की गई वाचा को भूल जाती हैं.
18उन स्त्री का घर-परिवार मृत्यु के गर्त में समाता जा रहा है,
उनके पांव अधोलोक की राह पर हैं.
19जो कोई व्यक्ति उनके पास गए, वह लौटकर कभी न आ सकते,
और न ही उनमें से कोई पुनः जीवन मार्ग पा सकते हैं.
20मेरे पुत्र, ज्ञान आपको भलाई के मार्ग पर ले जाएगा
और आपको धर्मियों के मार्ग पर स्थिर रखेगा.
21धर्मियों को ही देश प्राप्त होगा,
और वे, जो धर्मी हैं, इसमें बने रहेंगे;
22किंतु दुर्जनों को देश से निकाला जाएगा
तथा धोखेबाज को समूल नष्ट कर दिया जाएगा.
Currently Selected:
सूक्ति संग्रह 2: HCV
Highlight
Copy
Compare
Share
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.