1 कोरिंथ 5
5
परिवार में व्यभिचार
1आप लोगों के बीच चल रहा वेश्यागामी हर जगह चर्चा का विषय बन गया है, वह भी ऐसा यौनाचार, जो गैर-यहूदियों तक में नहीं पाया जाता: किसी ने तो अपने पिता की स्त्री को ही रख लिया है. 2इसके अलावा, इस पर लज्जित होने की बजाय आप लोगों को इस बात का गर्व है! ऐसे व्यक्ति को तो आपके बीच में से निकाल देना चाहिए था? 3शारीरिक रूप से अनुपस्थित होने पर भी मैं आप लोगों के बीच आत्मा में उपस्थित हूं और मैं उस बुरा काम करने वाले के विरुद्ध प्रभु के नाम में अपना निर्णय ऐसे दे चुका हूं मानो मैं स्वयं वहां उपस्थित हूं. 4जब आप लोग प्रभु येशु के नाम में इकट्ठा होते हैं, और प्रभु येशु की सामर्थ्य के साथ आत्मा में मैं आप लोगों के बीच, 5तब बुरा काम करने वाले ऐसे व्यक्ति को शैतान के हाथों सौंप दिया जाए कि ऐसे व्यक्ति का शरीर तो नाश हो जाए, किंतु प्रभु के दिन आत्मा का उद्धार हो.
6आप लोगों का घमंड करना बिलकुल भी अच्छा नहीं है. क्या आप लोग यह नहीं जानते कि थोड़े से खमीर से ही पूरा गूंथा हुआ आटा खमीर हो जाता है? 7निकाल फेंकिए इस खमीर को कि आप लोग एक नया गूंथा हुआ आटा बन जाएं, जैसे कि आप लोग अखमीरी ही हैं, क्योंकि हमारा फ़सह वास्तव में मसीह की बलि द्वारा पूरा हुआ है. 8हम बुराई व दुष्टता के पुराने खमीर से नहीं परंतु सीधाई व सच्चाई की अखमीरी रोटी से उत्सव मनाएं.
9अपने पत्र में मैंने आप लोगों को लिखा था कि बुरा काम करने वालों से कोई संबंध मत रखिए. 10मेरा तात्पर्य यह बिलकुल भी नहीं था कि आप लोग संसार के उन सभी व्यक्तियों से, जो बुरा काम करने वाले, लोभी, ठग या मूर्तिपूजक हैं, कोई संबंध न रखें, अन्यथा आप लोगों को तो संसार से ही बाहर हो जाना पड़ेगा. 11वास्तव में मेरा तात्पर्य यह था कि आप लोगों का ऐसे किसी सहविश्वासी के साथ, जो बुरा काम करने वाले, लोभी, मूर्तिपूजक, बकवादी, पियक्कड़ या ठग हों, संबंध रखना तो दूर, भोजन करना तक ठीक न होगा.
12कलीसिया से बाहर के व्यक्तियों का न्याय भला मैं क्यों करूं? किंतु क्या, यह आप लोगों का काम नहीं है कि उनकी जांच करना, जो कलीसिया में हैं? 13बाहरी व्यक्तियों का न्याय परमेश्वर करेंगे. “बाहर निकाल दीजिए अपने बीच में से कुकर्मी को.”#5:13 व्यव 17:7; 19:19; 21:21; 22:21, 24; 24:7
वर्तमान में चयनित:
1 कोरिंथ 5: HCV
हाइलाइट
कॉपी
तुलना
शेयर
Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in
Holy Bible, Hindi Contemporary Version™ | Copyright © 2016, 2019, 2026 by Biblica, Inc. | Used with permission. All rights reserved worldwide.