सूक्ति संग्रह 1

1
उद्देश्य और विषय
1इस्राएल के राजा, दाविद के पुत्र शलोमोन की सूक्तियां:
2बुद्धि और अनुशासन सीखने के लिए;
समझ की बातों को सिखाने के लिए;
3व्यवहार कुशलता के लिए निर्देश-प्राप्‍ति,
धार्मिकता, निष्पक्षता तथा न्याय हेतु अंतर्दृष्टि के लिए;
4सीधे-सादे लोगों को विवेक प्रदान करने के लिए—
युवाओं को ज्ञान और निर्णय-बुद्धि प्रदान करने के लिए.
5बुद्धिमान इन्हें सुनकर अपनी बुद्धि को बढ़ाएं,
समझदार व्यक्ति बुद्धिमानी का परामर्श प्राप्‍त करें;
6कि वह सूक्ति तथा दृष्टांत को, बुद्धिमानों की योजना को
और उनके रहस्यों को समझ सकें.
7यहोवाह के प्रति श्रद्धा ही ज्ञान का प्रारम्भ-बिंदु है,
मूर्ख हैं वे, जो ज्ञान और अनुशासन को तुच्छ मानते हैं.
प्रस्तावना: बुद्धि को गले लगाने का प्रबोधन
पाप से संबंधित चेतावनी
8मेरे पुत्र, अपने पिता के अनुशासन पर ध्यान दीजिए
और अपनी माता की शिक्षा को मत भूलिए.
9क्योंकि ये आपके सिर के लिए सुंदर अलंकार
और आपके कण्ठ के लिए माला हैं.
10मेरे पुत्र, यदि पापी आपको प्रलोभित करें,
उनसे सहमत मत हो जाइएगा.
11यदि वे यह कहें, “हमारे साथ चलिए;
हम हत्या के लिए घात लगाएंगे,
हम बिना किसी कारण निर्दोष पर छिपकर आक्रमण करें;
12अधोलोक के समान हम भी उन्हें जीवित ही निगल जाएं,
पूरा ही निगल जाएं, जैसे लोग कब्र में समा जाते हैं;
13तब हमें सभी अमूल्य वस्तुएं प्राप्‍त हो जाएंगी
इस लूट से हम अपने घरों को भर लेंगे;
14जो कुछ आपके पास है, सब हमें दीजिए;
तब हम सभी का एक ही बटुआ हो जाएगा.”
15मेरे पुत्र, उनके इस मार्ग के सहयात्री मत बन जाइएगा,
उनके मार्गों का चालचलन करने से अपने पैरों को रोके रखिए;
16क्योंकि उनके पैर बुराई की दिशा में ही दौड़ते हैं,
हत्या के लिए तो वे फुर्तीले हो जाते हैं.
17यदि किसी पक्षी के देखते-देखते उसके लिए जाल बिछाया जाए,
तो यह निरर्थक होता है!
18किंतु ये व्यक्ति ऐसे हैं, जो अपने लिए ही घात लगाए बैठे हैं;
वे अपने ही प्राण लेने की प्रतीक्षा में हैं.
19यही चाल है हर एक ऐसे व्यक्ति की,
जो अवैध लाभ के लिए लोभ करते हैं;
यह लोभ अपने ही स्वामियों के प्राण ले लेगा.
ज्ञान का आह्वान
20ज्ञान गली में उच्च स्वर में पुकार रहा है,
व्यापार केंद्रों में वह अपना स्वर उठा रहा है;
21व्यस्त मार्गों के उच्चस्थ स्थान पर वह पुकार रहा है,
नगर प्रवेश पर वह यह बातें कह रहा है:
22“हे भोले लोगो, कब तक आप लोगों को भोलापन प्रिय रहेगा?
ठट्ठा करनेवालो, कब तक उपहास आप लोगों के विनोद का विषय,
और मूर्खो, ज्ञान आप लोगों के लिए घृणास्पद रहेगा?
23यदि मेरे धिक्कारने पर आप लोग मेरे पास आ जाते!
तो मैं आप लोगों को अपनी आत्मा से भर देता,
आप लोग मेरे विचार समझने लगते.
24मैंने पुकारा और आप लोगों ने इसकी अनसुनी कर दी,
मैंने अपना हाथ बढ़ाया किंतु किसी ने ध्यान ही न दिया,
25मेरे सभी परामर्शों की आप लोगों ने उपेक्षा की
और मेरी किसी भी ताड़ना का आप लोगों पर प्रभाव न पड़ा है,
26मैं भी आप लोगों पर विपत्ति के अवसर पर हंसूंगा;
जब आप लोगों पर आतंक का आक्रमण होगा,
तब मैं आप लोगों का उपहास करूंगा—
27जब आतंक आंधी के समान
और विनाश बवंडर के समान आएगा,
जब आप लोगों पर दुःख और संकट का पहाड़ टूट पड़ेगा.
28“उस समय उन्हें मेरा स्मरण आएगा,
किंतु मैं उन्हें उत्तर न दूंगा;
वे बड़े यत्नपूर्वक मुझे खोजेंगे, किंतु पाएंगे नहीं.
29क्योंकि उन्होंने ज्ञान से घृणा की थी
और यहोवाह के प्रति श्रद्धा को उपयुक्त न समझा.
30उन्होंने मेरा एक भी परामर्श स्वीकार नहीं किया
उन्होंने मेरी ताड़नाओं को तुच्छ समझा,
31परिणामस्वरूप वे अपनी करनी का फल भोगेंगे
उनकी युक्तियों का पूरा-पूरा परिणाम उन्हीं के सिर पर आ पड़ेगा.
32सरल-साधारण व्यक्ति सुसंगत मार्ग छोड़ देते और मृत्यु का कारण हो जाते हैं,
तथा मूर्खों की मनमानी उन्हें ले डूबती है;
33किंतु कोई भी व्यक्ति, जो मेरी सुनते हैं, सुरक्षा में बसे रहेंगे
वह निश्चिंत रहेंगे, क्योंकि उन्हें विपत्ति का कोई भय न होगा.”

वर्तमान में चयनित:

सूक्ति संग्रह 1: HCV

हाइलाइट

कॉपी

तुलना

शेयर

None

Want to have your highlights saved across all your devices? Sign up or sign in